राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद के दोनों सदनों को संबोधित किया। इसके साथ ही बजट सत्र की शुरुआत हो गई। राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को देश के सामने रखा। केंद्रीय बजट एक फरवरी को पेश किया जाएगा। बजट सत्र 31 जनवरी से चार अप्रैल तक दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। सत्र का पहला भाग 13 फरवरी को समाप्त होगा और दूसरा चरण 10 मार्च से शुरू होगा।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 पेश किया। आर्थिक सर्वेक्षण पेश करते ही सदन में हंगामा शुरू हो गया तो लोकसभा अध्यक्ष ने लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी। राज्यसभा में भी वित्त मंत्री ने आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया। इसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित कर दी गई। संसद के बजट सत्र की कार्यवाही शुरू हो गई है। संसद के दोनों सदनों में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी गई और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जेम्स कार्टर के निधन पर भी संवेदना व्यक्त की गई। लोकसभा में महाकुंभ हादसे पर भी दुख जताया गया और मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा, ‘ये लोग तो इंतजार कर रहे थे कि कोई घटना (महाकुंभ में हुई भगदड़ दुर्घटना) हो जिससे प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी को घेरा जाए। यह गलत है। उस दिन करोड़ों श्रद्धालु महाकुंभ आए थे। वर्षों बाद हिन्दुत्व जगा है। उसी माहौल में यह दुखद घटना हुई है। यह हम सभी के लिए पीड़ा जनक है। इस पर सरकार जांच बैठा चुकी है लेकिन किसी की मृत्यु पर राजनीति करने से दुखद और कुछ नहीं है।’
वित्त मंत्री ने पेश किया आर्थिक सर्वेक्षण
