Tuesday, February 17, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

विज्ञान भवन में 26 से शुरू होगी संघ प्रमुख की तीन दिवसीय व्याख्यानमाला

‘संघ के सौ वर्ष: नए क्षितिज’ विषय पर मोहन भागवत का संवाद

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत 26 से 28 अगस्त तक राजधानी दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में तीन दिवसीय व्याख्यानमाला को संबोधित करेंगे।
इस व्याख्यान श्रृंखला का शीर्षक ‘सौ वर्ष की संघ : नए क्षितिज’ रखा गया है, जिसमें संघ प्रमुख देश के विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के साथ संवाद करेंगे।
तीन दिन, तीन आयाम
संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि कार्यक्रम के पहले दिन भागवत संघ की सौ वर्षों की यात्रा और अनुभव साझा करेंगे। दूसरे दिन संघ की भविष्य की कार्ययोजना और दिशा पर विचार रखेंगे।
तीसरे दिन वह विभिन्न क्षेत्रों से आई प्रमुख हस्तियों के सवालों का जवाब देंगे।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में भी मोहन भागवत ने विज्ञान भवन में इसी तरह का संवाद कार्यक्रम आयोजित किया था।

देशभर में होंगे संवाद, दिल्ली से होगी शुरुआत
आंबेकर ने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों के तहत देशभर के सभी जिलों में नागरिक गोष्ठियों के आयोजन का निर्णय लिया गया है। इस क्रम में दिल्ली के बाद नवंबर में बैंगलुरु, दिसंबर में पश्चिम बंगाल और फरवरी में मुंबई में भी इसी तरह की व्याख्यानमालाएं आयोजित की जाएंगी।
इस संवाद श्रृंखला में सामाजिक, आर्थिक, आध्यात्मिक, शिक्षा, खेल, भाषा, उद्यमिता, और भारत में नियुक्त विदेशी राजनयिकों सहित 17 मुख्य श्रेणियों और 138 सह-श्रेणियों में समाज जीवन के सभी वर्गों की प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया जा रहा है।

स्व तत्व और पराक्रम से तय होगा देश का भविष्य
संघ प्रमुख व्याख्यानमाला के दौरान भारतीय समाज की अंतर्निहित क्षमताओं, गुलामी के दौर से चले आ रहे औपनिवेशिक विकास मॉडल, और सांस्कृतिक आत्मविश्वास जैसे विषयों पर संघ की दृष्टि साझा करेंगे।
आंबेकर ने बताया कि भागवत इस अवसर पर यह भी स्पष्ट करेंगे कि भारत को नए क्षितिज पर ले जाने के लिए “स्व तत्व” (स्वाभिमान व संस्कृति) और “स्वपराक्रम” (आत्मबल व कर्म) ही सबसे अधिक सहायक होंगे।
वह समाज के सभी वर्गों के बीच एकता, समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द को आवश्यक बताते हुए राष्ट्रीय पुनर्निर्माण में संघ की भूमिका को रेखांकित करेंगे।

Popular Articles