Top 5 This Week

Related Posts

वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी पंकज कुमार का तबादला आदेश निरस्त, हाईकोर्ट की सख्ती के बाद सरकार का फैसला

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने वरिष्ठ भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारी पंकज कुमार का तबादला आदेश निरस्त कर दिया है। यह फैसला उत्तराखंड हाईकोर्ट द्वारा अवमानना नोटिस जारी किए जाने के बाद लिया गया। पंकज कुमार वर्तमान में नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व के निदेशक के पद पर कार्यरत हैं।

मामला उस समय विवादों में आया था जब हाईकोर्ट की ओर से स्थानांतरण पर अंतरिम रोक लगाए जाने के बावजूद राज्य सरकार ने अप्रैल 2026 में पंकज कुमार का तबादला कर दिया था। इसके खिलाफ उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया और आरोप लगाया कि न्यायालय के आदेश की अवहेलना की गई है। इस पर हाईकोर्ट ने वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी कर जवाब तलब किया था।

अदालती सख्ती के बाद राज्य सरकार ने अपने पूर्व आदेश को वापस लेते हुए पंकज कुमार का स्थानांतरण निरस्त कर दिया। इसके साथ ही उन्हें नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व के निदेशक पद पर बनाए रखने का निर्णय लिया गया है।

इस घटनाक्रम को प्रशासनिक निर्णयों में न्यायालय के आदेशों के पालन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मामले की अगली सुनवाई में हाईकोर्ट यह भी देखेगा कि उसके अंतरिम आदेश का उल्लंघन किन परिस्थितियों में हुआ और संबंधित अधिकारियों की भूमिका क्या रही।

Popular Articles