कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी ललित जोशी ने आज सुंदरकांड में प्रभु श्रीराम और हनुमान की कथा के साथ अपने चुनावी कार्यालय का शुभारंभ किया। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह का माहौल था। सभी कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम के नारे लगाए और ललित जोशी के पक्ष में वोट करने की अपील की। इस अवसर पर भाजपा से पूर्व छात्र नेता प्रकाश पाटनी ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की, जिससे कांग्रेस को एक और अहम समर्थन प्राप्त हुआ। ललित जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि वह हल्द्वानी के विकास और नए हल्द्वानी की परिकल्पना को साकार करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने जनता से वादा किया कि वह हर सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहेंगे। जोशी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, बीजेपी को जीत का गुमान हो गया है, लेकिन वे बेरोजगारों और व्यापारियों की परेशानी नहीं देख रहे हैं। जोशी ने भाजपा के एक बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, सामने वाले सभी प्रत्याशी मरे हुए हैं, लेकिन हम जिंदा हैं और हम सब कुछ बदलने जा रहे हैं। हल्द्वानी में ऐसा बदलाव होगा, जिसका इतिहास लिखा जाएगा। कार्यक्रम में विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि कांग्रेस भेदभाव की राजनीति नहीं करती और सबको साथ लेकर चलती है। उन्होंने ललित जोशी के पक्ष में वोट की अपील की।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने भी ललित जोशी का समर्थन किया और भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा, बीजेपी का नारा था सबका साथ, सबका विकास, लेकिन 10 साल से नगर निगम हल्द्वानी विकास से दूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में ग्रामीण क्षेत्रों को नगर निगम से जोड़ने के बाद भी उनकी स्थिति खराब हो गई है, और लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।