निर्दलीय गौरव ने एबीवीपी अध्यक्ष प्रत्याशी को 391 वोटों से हराया, समर्थकों में खुशी की लहर
जीत के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई शपथ और पुलिस वाहनों में बैठा कर घर तक छोड़ कर आई
रुद्रपुर। एसबीएस डिग्री कॉलेज रुद्रपुर के छात्रसंघ चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी गौरव कुशवाहा ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर एबीवीपी समर्थित प्रत्याशी अभिषेक सिंह को 391 मतों से हराया है।गौरव कुशवाह को 1170 मत मिले।अभिषेक सिंह के खाते में 779 मत आए। अध्यक्ष पद के मुकाबले में एनएसयूआई विपुल मंडल को 629, मोहम्मद जुबैर को 415 मिले। 77 मत अवैध रहे, जबकि पांच विद्यार्थियों ने नोटा का विकल्प चुना। मंगलवार को छात्र संघ अध्यक्ष समेत अन्य पदो के प्रत्याशियों के लिए मतदान शुरू हुआ। बाद में मतगणना शुरू हुई। मतगणना के दौरान अध्यक्ष पद के परिणाम पर सभी की निगाहें टिकी रहीं।
जैसे ही परिणाम घोषित हुए तो समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। इसके अलावा उपाध्यक्ष पद पर ज्योति मित्रा ने 1109 मत पाकर जीत दर्ज की। ज्योति को गुनगुन सरकार के 947 मतों के मुकाबले 162 मत अधिक मिले। सचिव पद पर गुरबाज सिंह ने एकतरफा मुकाबले में 1969 मत हासिल कर अंकित गिरि को पीछे छोड़ा। अंकित को 945 मत मिले। संयुक्त सचिव पद पर हरमन कौर 1620 मत पाकर विजयी रहीं। हर्षिता पांडेय को 1138 मत मिले। कला संकाय प्रतिनिधि पद पर गौरव ने 549 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी करणदीप सिंह को 425 मत मिले। वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर आकाश कुमार ने 327 मत पाकर जीत दर्ज की।
मतगणना पूरी होने के बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। उधर पुलिस विजयी पदाधिकारियों को शपथ लेने के बाद वाहनों में बैठा कर घर छोड़ कर आई। छात्र संघ चुनाव को चुनाव को शांतिपूर्ण कराने के लिए पुलिस ने कड़े इंतजाम किए थे। कालेज के बाहर व कालेज परिसर में पुलिस फोर्स तैनात रहा।
सबसे ज्यादा मत पाने वाली प्रत्याशी बनीं रिया गुप्ता
कोषाध्यक्ष पद पर विजयी रिया गुप्ता पूरे छात्रसंघ चुनाव में सभी पदों के मुकाबले सबसे ज्यादा मत हासिल करने वाली प्रत्याशी रहीं। रिया को 2397 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को 501 मत मिले। उन्होंने 1896 मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज की।





