ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की है। पेजेशकियन ने कहा कि डॉ. सिंह भारत के एक महान नेता थे। वह ईरान और भारत के बीच संबंधों के बड़े समर्थक भी थे। पेजेशकियन ने एक पोस्ट में कहा, ‘मैं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के परिवार, रिश्तेदारों, भारत की जनता और सरकार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। डॉ. सिंह भारत के एक महान नेता और भारत-ईरान के बीच संबंधों के बड़े समर्थक थे। मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री रहे। इससे पहले वह वित्त मंत्री थे। उन्हें भारत के आर्थिक उदारीकरण के प्रमुख वास्तुकार के रूप में जाना जाता है। डॉ. सिंह का निधन 92 वर्ष की आयु में हुआ। शनिवार को दिल्ली में उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान प्रमुख राजनीतिक और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया और 21 तोपों की सलामी दी गई। बृहस्पतिवार रात उनके निधन के बाद सरकार ने सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की। अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने एक पोस्ट में कहा कि भारत ने अपने सबसे शानदार बेटों में से एक को खो दिया है। उन्होंने पूर्व पीएम को अफगानिस्तान के लोगों के अटूट सहयोगी और दोस्त बताते हुए उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। करजई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि मैं उनके परिवार, सरकार और भारत के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।