पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह नहीं रहे। 92 साल की उम्र में उनका दिल्ली एम्स में निधन हो गया। उन्हें उम्र संबंधी दिक्कतों की वजह से गुरुवार रात 8:06 बजे एम्स में भर्ती कराया गया था। रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मनमोहन सिंह प्रखर अर्थशास्त्री थे। 1991 में देश में शुरू किए गए आर्थिक उदारीकरण के वे शिल्पकार रहे। 2004 से 2014 तक वे प्रधानमंत्री रहे। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है।आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए उनके आवास पर पहुंचे।कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने बताया कि आज शाम साढ़े पांच बजे कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक होगी, जिसमें कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य, स्थायी और विशेष आमंत्रित लोग पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। कल सुबह आठ बजे मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को आम जनता के दर्शनों के लिए कांग्रेस मुख्यालय ले जाया जाएगा। इसके बाद साढ़े आठ बजे से लेकर साढ़े नौ बजे तक अंतिम दर्शन होंगे और फिर पार्थिव शरीर को अंतिम यात्रा पर ले जाया जाएगा।