अमेरिका में इस साल नवंबर में राष्ट्रपति चुनाव होने वाला है। चीन इस चुनाव में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की जीत की कामना कर रहा है। शिकागो में डेमोक्रेटिक नेशनल कॉन्फ्रेंस में अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि चीन चाहता है कि नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप जीतें। बता दें कि राजा कृष्णमूर्ति शिकागो में डेमोक्रेटिक नेशनल कॉन्फ्रेंस को संबोधित करने वाले एकमात्र भारतीय-अमेरिकी सांसद हैं। राजा कृष्णमूर्ति ने कहा, “अमेरिका बनाम अमेरिका, यह चीन के एक शीर्ष नेता की एक पुस्तक की शीर्षक है और इसमें यह है कि वह कैसे सोचते हैं कि वह जीतेंगे। वे जानते हैं कि वे अमेरिका को तभी हरा सकेंगे, जब हम खुद को हराएंगे। उन्होंने बताया कि संसद में उनका काम चीन की अर्थव्यवस्था का अध्ययन करना है। मेरे शब्दों को याद रखें, वे डोनाल्ड ट्रंप को सौदेबाजी की टेबल पर देखना चाहते हैं, क्योंकि वह अंतहीन व्यापार युद्ध शुरू करेगा जिससे अमेरिकियों के लिए कीमतें बढ़ेंगी। वह अमेरिका में श्रमिकों को प्रशिक्षित करने वाले कार्यक्रमों में कटौती करेगा। वह अमेरिका के खिलाफ अमेरिका पर ही हमला करेगा और चीन यही चाहता है कि हम आपस में लड़ें।” उन्होंने आगे कहा, “हम ऐसे ही हार सकते हैं। लेकिन हम पीछे नहीं जाएंगे। कमला हैरिस क्या बताती हैं? जब हम लड़ेंगे, हम जीतेंगे। क्योंकि कमला हैरिस को मालूम है कि हम अच्छा लड़ सकते हैं, न कि अमेरिका के खिलाफ अमेरिका। जब हम एक टीम होकर लड़ेंगे तो हम जीतेंगे। इसलिए जब नवंबर में कमला हैरिस जीतेंगी, तो हम भी जीतेंगे।” बता दें कि डेमोक्रेटिक पार्टी द्वारा कमला हैरिस को अपना उम्मीदवार बनाने के बाद से ही भारतीय-अमेरिकी नागरिकों में खुशी की लहर दौड़ गई। अपने समुदाय के किसी उम्मीदवार को इस दौड़ में शामिल देखकर भारतीय-अमेरिकी नागरिक काफी ज्यादा उत्साहित हैं। कमला हैरिस के समर्थन में उन्होंने ‘कमला के साथ’ टैगलाइन से एक वेबसाइट लॉन्च किया। इस वेबसाइट का नाम DesiPresident.com रखा गया है।





