Top 5 This Week

Related Posts

रामपुर और बरेली रोड की समस्याओं को लेकर डीएम से मिले समाजसेवी, स्मार्ट मीटर, सड़क और पेयजल मुद्दे उठाए

हल्द्वानी। रामपुर रोड और बरेली रोड क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजसेवी विशाल वर्मा और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने शनिवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से जुड़ी बिजली, सड़क, पेयजल और यातायात सुरक्षा संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। जिलाधिकारी ने सभी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई का आश्वासन दिया।

समाजसेवी विशाल वर्मा ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद क्षेत्र के कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल दोगुने तक आ रहे हैं। महंगाई के दौर में गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर इसका अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने विद्युत विभाग से विशेष शिविर लगाकर प्रभावित उपभोक्ताओं के बिजली बिलों की जांच और आवश्यक संशोधन कराने की मांग की।

वहीं, अंजलि वर्मा ने विष्णुपुरी गली नंबर-10 में सीवर लाइन का कार्य पूरा होने के बावजूद पिछले आठ माह से सड़क का पुनर्निर्माण न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि खुदी सड़क के कारण धूल, गंदगी और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। इसके अलावा गली नंबर-9 में करीब 15 वर्षों से जर्जर और लीकेज पाइपलाइन के चलते पेयजल संकट बना हुआ है। उन्होंने नई पाइपलाइन बिछाने के लिए धनराशि स्वीकृत करने की मांग भी उठाई।

प्रतिनिधिमंडल ने बरेली रोड हाईवे स्थित लक्ष्मी शिशु मंदिर के पास बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार वाहनों के चलते स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ज्ञापन में स्कूल के दोनों ओर शीघ्र स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग की गई।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने और जल्द समाधान कराने का भरोसा दिलाया।

Popular Articles