नई दिल्ली। अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने गहरा दुख व्यक्त किया है। संघ ने कहा कि यह घटना करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी है और भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। साथ ही, संगठन ने मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) और पुलिस पर भरोसा जताते हुए निष्पक्ष जांच की उम्मीद व्यक्त की है।
संघ की ओर से कहा गया कि मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान पूरी आस्था और विश्वास का प्रतीक होता है। ऐसे में उसके प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है। संगठन ने विश्वास जताया कि जांच एजेंसियां जल्द ही मामले को तार्किक और निर्णायक निष्कर्ष तक पहुंचाएंगी।
गौरतलब है कि चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के आरोप सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। इस प्रकरण में कई आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच लगातार जारी है। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले में एसआईटी से स्टेटस रिपोर्ट और संबंधित पक्षों से जवाब मांगा है।





