दुनिया के अपनी तरह के पहले विश्व ऑडियो विजुअल मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) से पहले केंद्र सरकार ने वेव्स पुरस्कारों के लिए नामांकन मंगाए हैं। इन पुरस्कारों के लिए 15 फरवरी से नामांकन आरंभ होगा। इसमें 20 श्रेणियों में उत्कृष्टता पुरस्कार दिए जाएंगे। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय इस शिखर सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। पुरस्कारों में क्रिएट इन इंडिया थीम के तहत अभी तक दुनिया भर से 70 हजार पंजीकरण हो चुके हैं। क्रिएट इन इंडिया के तहत एनिमेशन, ग्राफिक्स, फिल्म निर्माण, मनोरंजन के विभिन्न आयामों से जुड़े 31 चैलेंज हैं, जिनमें से 22 चैलेंज अब भी दुनिया के लोगों की भागीदारी के लिए खुले हैं। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को नई दिल्ली में शिखर सम्मेलन से संबंधित कई पहलों की घोषणा की। इस मौके पर केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र शेखावत भी मौजूद थे। वैष्णव व शेखावत ने कंटेंट क्रियेशन से जुड़े क्रिएटर और फर्मों को एक साथ लाने के लिए ई-मार्केट प्लेस वेव्स बाजार लॉन्च किया। यह रचनात्मक सामग्री से जुड़े रचनाकारों को एक मंच प्रदान करेगा। वैष्णव ने इस मौके पर इंफ्लूएंशर्स, पॉडकास्टर, एनीमेशन और गेम डेवलपर आदि जैसे क्रिएटिव कंटेंट रचने वालों के लिए शीर्ष वेव्स पुरस्कारों की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने क्रिएट इन इंडिया के तहत तीन अन्य चुनौतियों वाह उस्ताद, आओ दुनिया को खादी पहनाएं और रेजोनेंस: द ईडीएम चैलेंज की भी शुरुआत की। वैष्णव ने कहा, भारत एक समृद्ध संस्कृति का देश है, जिसकी गूंज कभी स्वामी विवेकानंद के माध्यम से शिकागो विश्व धर्म मेले में सुनाई दी थी। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योग, संस्कृति, रचनात्मकता और आयुर्वेद जैसी पहलों के माध्यम से अब इसे दुनिया के मंच पर आगे बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी इस देश में विवेकानंद के बाद पहले ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्होंने दुनिया के पटल पर भारत की सांस्कृतिक विरासत को स्थापित करने का काम किया।
शेखावत ने पत्रकारों से कहा, वेव्स कला प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है और यह भारतीय क्रिएटर को दुनिया के सामने हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बयान करने के लिए प्रेरित करेगा, क्योंकि भारत कहानियों को गढ़ने वाला देश है।