केंद्र सरकार ने शुक्रवार को 1995 बैच के यूपी कैडर के आईएएस अधिकारी भुवनेश कुमार को भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया। वे वर्तमान में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव हैं। वरिष्ठ स्तर पर प्रमुख प्रशासनिक फेरबदल के तहत बिहार कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी केशव कुमार पाठक को कैबिनेट सचिवालय में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया। 1990 बैच के आईएएस अधिकारी पाठक वर्तमान में बिहार राजस्व बोर्ड के अध्यक्ष हैं। कार्मिक मंत्रालय के आदेश के अनुसार, उनकी नियुक्ति संयुक्त सचिव के खाली पद को अस्थायी रूप से उन्नत करके की गई है।
इसके अलावा 1997 बैच के आईआरएएस अधिकारी अमितेश कुमार सिन्हा को इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया। नगालैंड कैडर के 1995 बैच के आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) का महानिदेशक नियुक्त किया गया। मुग्धा सिन्हा को भारत पर्यटन विकास निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। 2000 बैच के बिहार कैडर आईएएस जितेंद्र श्रीवास्तव को आरईसी लिमिटेड का सीएमडी नियुक्त किया गया।
पर्यटन मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव सुमन बिल्ला को नए निदेशक जनरल (पर्यटन) के रूप में नियुक्त किया गया है। वे मुग्धा सिन्हा का स्थान लेंगे। 1993 बैच के भारतीय रेलवे पर्सनल सर्विस अधिकारी प्रभात को सूचना और प्रसारण मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, 1999 बैच के कर्नाटक कैडर के आईएएस अधिकारी एमएस श्रीकर को कैबिनेट सचिवालय में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय में संयुक्त सचिव संजीव शंकर को अब उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव और वित्तीय सलाहकार नियुक्त किया गया है। गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव अभिजीत सिन्हा को उसी मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के साथ ही केंद्र सरकार ने विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में वरिष्ठ पदों पर अधिकारियों का फेरबदल किया है।





