देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की स्नातक स्तरीय परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में बेरोजगार युवाओं का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा गांधी पार्क, देहरादून पहुंचे और युवाओं के धरने में शामिल होकर उन्हें पूरा समर्थन देने का भरोसा दिलाया। माहरा ने साफ कहा कि जब तक इस घोटाले की सीबीआई जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराने की मांग पूरी नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
माहरा ने कहा कि बेरोजगार युवाओं की लड़ाई को कांग्रेस पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता और शीर्ष नेतृत्व मजबूती से लड़ रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर युवाओं से धोखा करने का आरोप लगाया और कहा कि पिछले साढ़े आठ साल से प्रदेश में भर्तियां ठप हैं। जहां भी परीक्षा आयोजित होती है, वहां पेपर लीक करवा दिया जाता है। “राज्य निर्माण की लड़ाई में सबसे आगे खड़े रहे युवा आज रोजगार पाने के लिए नकल माफिया से जूझ रहे हैं, और भाजपा सरकार इस पूरे खेल को संरक्षण दे रही है,” माहरा ने कहा।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले दिन से ही इस पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग कर रही है, लेकिन भाजपा सरकार जांच से कन्नी काट रही है क्योंकि इसमें भाजपा से जुड़े लोगों की संलिप्तता उजागर हो चुकी है।
लगातार बढ़ रही कार्रवाई
प्रश्नपत्र लीक कांड में लगातार कार्रवाई की जा रही है। शासन ने राजकीय महाविद्यालय अगरोड़ा, टिहरी में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन को निलंबित कर उन्हें उच्च शिक्षा निदेशालय हल्द्वानी से संबद्ध कर दिया है। जांच में पाया गया कि सुमन वर्ष 2018 से मुख्य आरोपी खालिद के संपर्क में थी और प्रश्नपत्र सॉल्वर के रूप में सक्रिय रही। उस पर आरोप है कि उसने प्रश्नपत्र के तीन पन्ने सोशल मीडिया के जरिए दूसरे व्यक्ति को भेजकर परीक्षा की गोपनीयता भंग करने की साजिश में सहयोग किया।
इसके अलावा, हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने स्नातक स्तरीय परीक्षा केंद्र पथरी के आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज में ड्यूटी पर तैनात दरोगा रोहित कुमार और सिपाही ब्रह्मदत्त जोशी को निलंबित कर दिया। जांच में सामने आया कि इसी केंद्र से खालिद ने प्रश्नपत्र की फोटो खींचकर बाहर भेजी थी। मामले की जांच सीओ रुड़की नरेंद्र पंत को सौंपी गई है और एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
गिरफ्तारियां भी जारी
अब तक इस प्रकरण में मुख्य आरोपी खालिद और उसकी बहन साबिया को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस और एसआईटी मिलकर पूरे मामले की गहन जांच कर रहे हैं।
यूकेएसएसएससी पेपर लीक: बेरोजगारों के समर्थन में उतरे माहरा, बोले- सीबीआई जांच तक जारी रहेगा संघर्ष





