Friday, March 14, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

युद्ध विराम पर अब रूस से होगी बात

यूक्रेन की ओर से युद्ध विराम समझौते पर सहमति जताए जाने के बाद अब अमेरिका ने रूस से बातचीत शुरू कर दी है। बताया जा रहा है इस मसले पर पुतिन से बात करने के लिए अमेरिकी अधिकारी रूस रवाना हो गए हैं। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने रूस को चेताया है। उन्होंने कहा कि अगर रूस समझौते पर हस्ताक्षर नहीं करता है तो उसे विनाशकारी परिणाम भुगतने होंगे। सऊदी अरब के जेद्दा में अमेरिका और यूक्रेन के बीच हुई बैठक में कीव ने अमेरिका के तत्काल अंतरिम युद्धविराम के प्रस्ताव पर सहमति जता दी थी। यह युद्धविराम शुरुआत में 30 दिनों के लिए होगा। अब इस मुद्दे पर रूस की सहमति का इंतजार है। युद्ध विराम पर बातचीत के लिए अमेरिकी अधिकारी तुरंत रूस जा रहे हैं। व्हाइट हाउस ने कहा कि उनके विशेष दूत स्टीव विटकॉफ इस सप्ताह के अंत में मास्को जा रहे हैं। युद्ध विराम समझौते को लेकर ट्रंप ने कहा कि इस समय लोग रूस जा रहे हैं। उम्मीद है कि हम रूस से युद्ध विराम पर सहमति प्राप्त कर लेंगे। अगर ऐसा हो जाता है, तो मुझे लगता है कि इस भयानक रक्तपात को समाप्त करने का 80 फीसदी रास्ता यही होगा।

ट्रंप ने कहा कि अब सब कुछ रूस पर निर्भर है। हालांकि मुझे रूस से सकारात्मक संदेश मिले हैं, लेकिन ऐसे संदेशों का कोई मतलब नहीं होता। यह बहुत गंभीर स्थिति है। इससे तीसरा विश्व युद्ध शुरू हो सकता है। ट्रंप ने कहा कि यदि मास्को युद्ध विराम पर हस्ताक्षर नहीं करता है तो वह उस पर विनाशकारी प्रतिबंध लगा सकते हैं, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि मुझे आशा है कि इसकी आवश्यकता नहीं पड़ेगी। ट्रंप ने कहा कि मैं वित्तीय रूप से ऐसी चीजें कर सकता हूं जो रूस के लिए बहुत बुरी होंगी। मैं ऐसा नहीं करना चाहता क्योंकि मैं शांति चाहता हूं।

Popular Articles