उत्तरकाशी। स्याना चट्टी में यमुना नदी पर झील बनने से यमुनोत्री हाईवे पर बना मोटर पुल डूब गया है। पुल जलमग्न होने से गीठ पट्टी के 12 गांवों का तहसील और जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह कट गया है। इससे करीब आठ हजार लोग प्रभावित हो गए हैं। यमुनोत्री धाम का संपर्क भी बाधित हो गया है।
पुल और सड़क का हिस्सा करीब पांच फीट तक पानी में डूब जाने के कारण राहत व बचाव दल कल शाम प्रभावित क्षेत्र तक नहीं पहुंच पाए। स्थिति सामान्य करने के लिए सिंचाई विभाग, एनएच, लोक निर्माण विभाग, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर डटी हैं।
स्याना चट्टी में झील बनने से तीन सरकारी दफ्तरों सहित 32 होटल, ढाबे और आवासीय भवन जलमग्न हो गए हैं। यहां विभिन्न व्यवसायों से जुड़े करीब 60 परिवारों की आजीविका संकट में पड़ गई है।
स्थानीय ग्रामीणों को खाद्यान्न, स्वास्थ्य और आपात सेवाओं की गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने और झील के बहाव को नियंत्रित करने के प्रयास तेज कर दिए हैं।