हल्द्वानी। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एसटीएफ की एएनटीएफ कुमाऊं यूनिट और औषधि प्रशासन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुखानी रोड स्थित जय श्री श्याम मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर से व्यावसायिक मात्रा में नशीले इंजेक्शन और नशे में इस्तेमाल की जाने वाली प्रतिबंधित दवाइयां बरामद होने का दावा किया गया है।
छापेमारी के बाद औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोर को अग्रिम कार्रवाई तक सील कर दिया। मौके पर मेडिकल स्टोर संचालक कपिल सिंह पुत्र रमेश सिंह, निवासी जवाहरनगर, नगला, पंतनगर और मेडिकल स्टोर स्वामी के पति राहुल वार्ष्णेय पुत्र उपकार वार्ष्णेय, निवासी सावित्री कॉलोनी, हल्द्वानी मौजूद मिले।
एसटीएफ के मुताबिक दोनों के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के प्रावधानों के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। वहीं प्रतिबंधित दवाइयों के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका को लेकर जांच आगे भी जारी है।
कार्रवाई में एसटीएफ एएनटीएफ कुमाऊं यूनिट के निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक विनोद जोशी, उपनिरीक्षक जगदीप सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और हेड कांस्टेबल इसरार अहमद शामिल रहे। औषधि प्रशासन विभाग की ओर से निरीक्षक शुभम कोटनाला और निरीक्षक अर्चना उप्पल ने कार्रवाई की।





