Top 5 This Week

Related Posts

मुंबई में हाई अलर्ट: 14 आतंकियों की घुसपैठ, 400 किलो RDX और 34 गाड़ियों में बम की धमकी, इंटेलिजेंस इनपुट के बाद खुफिया एजेंसियां और पुलिस सतर्क, चप्पे-चप्पे पर निगरानी

मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई एक बार फिर आतंकी खतरे की जद में है। खुफिया एजेंसियों से मिली ताज़ा जानकारी के आधार पर शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सूचना मिली है कि करीब 14 आतंकी भारत में घुसपैठ कर चुके हैं, जिनके पास लगभग 400 किलो आरडीएक्स मौजूद है। इतना ही नहीं, आशंका जताई जा रही है कि इन आतंकियों ने 34 गाड़ियों में बम लगाने की योजना बनाई है।

सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों ने यह अलर्ट केंद्रीय खुफिया विभाग से मिले इनपुट के बाद जारी किया है। इनपुट में यह भी संकेत मिला है कि आतंकी किसी बड़े हमले की साजिश रच रहे हैं और भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाया जा सकता है।

आलम यह है कि शुक्रवार से ही मुंबई पुलिस, एनआईए, एटीएस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, एयरपोर्ट, मॉल और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा घेरा और कड़ा कर दिया गया है। शहर के सभी प्रवेश व निकास बिंदुओं पर गाड़ियों की तलाशी और यात्रियों की जांच बढ़ा दी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की तुरंत सूचना नजदीकी थाने में दें।

गौरतलब है कि मुंबई पहले भी कई बार आतंकी हमलों का शिकार हो चुकी है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां किसी भी खतरे को हल्के में नहीं ले रही हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि यह इनपुट बेहद गंभीर है और इसे देखते हुए आने वाले दिनों तक सतर्कता बरती जाएगी।

 

Popular Articles