Tuesday, July 1, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

महेंद्र भट्ट दूसरी बार उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष निर्वाचित

महेंद्र भट्ट को एक बार फिर उत्तराखंड भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। मंगलवार को प्रांतीय परिषद की बैठक में केंद्रीय चुनाव अधिकारी हर्ष मल्होत्रा ने उनके निर्विरोध चुने जाने की औपचारिक घोषणा की। भट्ट के अलावा किसी अन्य ने नामांकन नहीं किया था।

सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई थी, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही। भट्ट ने प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास को अपना नामांकन सौंपा।

उनके नामांकन को पांच सेटों में दाखिल किया गया था, जिनमें दस प्रमुख नेताओं ने प्रस्तावक के रूप में हस्ताक्षर किए। प्रमुख प्रस्तावकों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, नैनीताल सांसद अजय भट्ट और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा शामिल रहे।

इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय परिषद के लिए भी आठ वरिष्ठ नेताओं को चुना गया है, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत और तीरथ सिंह रावत प्रमुख हैं।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल और कई विधायक एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Popular Articles