Wednesday, March 4, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

मल्लिकार्जुन खरगे का केंद्र सरकार पर हमला, बोले- वोट चोरी के बाद सत्ता चोरी में जुटी भाजपा

नई दिल्ली/भोपाल। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले वोट चोरी का काम किया और अब सत्ता चोरी में जुटी हुई है। खरगे ने दावा किया कि भाजपा विपक्षी राज्यों की सरकारों को गिराने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है।
इंदिरा भवन में आयोजित बैठक में हरियाणा और मध्य प्रदेश के जिला कांग्रेस समितियों के जिलाध्यक्षों को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि भाजपा अब एक ऐसा विधेयक लाने की तैयारी में है, जिसके तहत प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्रियों को हटाने की शक्ति नागरिकों से छीनकर सीधे एजेंसियों को सौंप दी जाएगी। उन्होंने कहा कि “यह लोकतंत्र पर बुलडोजर चलाने जैसा कदम है। भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर विपक्ष को खत्म करना चाहती है।”

विधेयक पर उठाए सवाल

खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा 30 दिनों के भीतर विपक्षी सरकारों को गिराने और राजनीतिक नेताओं की गिरफ्तारी को हथियार बनाने का रास्ता खोल रही है। उन्होंने कहा कि “लोकतंत्र में जनता को यह अधिकार है कि वे सरकार चुनें या हटाएं। लेकिन भाजपा एजेंसियों—जैसे ईडी और सीबीआई—को विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाने के औजार के रूप में इस्तेमाल कर रही है।”
संगठन पर जोर

बैठक में खरगे ने जिला अध्यक्षों को बूथ और मंडल स्तर पर मजबूत समितियां बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “इन समितियों के सदस्य वफादार, मेहनती और कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े होने चाहिए। हमें ऐसे कार्यकर्ता चाहिए, जिनकी निष्ठा कांग्रेस के प्रति अडिग रहे, चाहे उन्हें कोई कितना भी प्रलोभन क्यों न दे।”
खरगे ने बताया कि कांग्रेस की सबसे मजबूत कड़ी जिला अध्यक्ष होते हैं। “अगर राज्य में कांग्रेस की सरकार बनानी है, तो विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार की जीत में जिलाध्यक्ष की भूमिका अहम है। इसी तरह लोकसभा चुनाव में भी आपकी मेहनत और संगठनात्मक क्षमता ही सफलता दिला सकती है।”

गुटबाजी से बचने की अपील

कांग्रेस अध्यक्ष ने साफ शब्दों में कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए गुटबाजी खत्म करनी होगी। उन्होंने कहा कि “बीच में परंपरा बदल गई थी। मंत्री अपने पसंदीदा लोगों को जिला अध्यक्ष बनाने लगे, जिससे योग्यता और विचारधारा पीछे छूट गई। लेकिन अब हमें इसे बदलना होगा। राहुल गांधी और मैंने महसूस किया है कि संगठन को मजबूत किए बिना सत्ता में मजबूती से वापसी संभव नहीं।”
खरगे ने अंत में सभी जिलाध्यक्षों से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर काम करें और संगठन की जड़ों को मजबूत करें। “कांग्रेस तभी चुनाव जीत पाएगी जब संगठन मजबूत होगा और कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के साथ खड़े होंगे।”

Popular Articles