Top 5 This Week

Related Posts

मंगलुरु की MRPL रिफाइनरी में जोरदार धमाका, कई इलाकों में महसूस हुए झटके; 8 लोग घायल

मंगलुरु, 30 सितंबर। कर्नाटक के मंगलुरु में बुधवार दोपहर मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) के प्लांट में जोरदार धमाके के बाद आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के कई इलाकों में घरों के दरवाजे और खिड़कियां हिल गईं। कुछ स्थानों पर शीशे टूटने और दीवारों में दरारें आने की भी सूचना है।

जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 12:25 बजे रिफाइनरी की Coker Hydrotreater (CHT) यूनिट में हुई। धमाके के बाद आसमान में घने काले धुएं का गुबार दिखाई दिया। शुरुआती जानकारी में यूनिट में अत्यधिक दबाव के कारण कोल्ड सेपरेटर में खराबी/रप्चर को घटना से जोड़ा जा रहा है, हालांकि हादसे के सटीक कारण की जांच जारी है।

आसपास के इलाकों में मची अफरा-तफरी

धमाके की आवाज जोकट्टे, कावूर, येय्याडी, बैकामपाडी, सुरथकल और आसपास के अन्य इलाकों तक सुनाई दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके के समय घरों में तेज कंपन महसूस हुआ। जोकट्टे ग्राम पंचायत भवन और आसपास की इमारतों के शीशे भी टूटने की खबर है। मंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास भी धमाके की आवाज सुनाई देने की जानकारी सामने आई।

आठ लोग घायल

पुलिस के अनुसार हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें एक कर्मचारी को गंभीर रूप से झुलसने के बाद अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। दमकल और आपातकालीन दलों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। वरिष्ठ पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

हादसे के बाद रिफाइनरी में सुरक्षा और राहत कार्यों को सक्रिय किया गया है। अधिकारियों की निगरानी में घटना के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Popular Articles