Top 5 This Week

Related Posts

भूस्खलन से NH-707A पर सड़क धंसी, मसूरी-यमुना ब्रिज मार्ग बंद

मसूरी। लगातार बारिश के बीच त्यूणी-चकराता-मसूरी-बाटाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग-707A पर बुधवार देर रात भूस्खलन से सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। डिमटा बैंड के पास सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण कैम्पटी-यमुना ब्रिज मार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। इससे मसूरी और यमुना घाटी के बीच आवागमन प्रभावित हुआ है।

सड़क क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही कैम्पटी पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों से फिलहाल मसूरी से यमुना ब्रिज की ओर नहीं जाने की अपील की है। वहीं यमुना घाटी की तरफ से मसूरी आने वाले वाहनों को भी मार्ग से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने यात्रियों से आधिकारिक सूचना मिलने तक वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने को कहा है।

सड़क के पूरी तरह बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों की परेशानी भी बढ़ गई है। बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, ऐसे में क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास आवाजाही को भी जोखिमपूर्ण बताया गया है।

राष्ट्रीय राजमार्ग-707A के अधिशासी अभियंता विपुल सैनी ने बताया कि डिमटा बैंड के पास सड़क का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। मौके का निरीक्षण करने के बाद सड़क को पहाड़ की तरफ से कटिंग कर वैकल्पिक तरीके से तैयार करने का प्रयास किया जाएगा। उनका कहना है कि यातायात को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल मार्ग बंद रहने से वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से सड़क की स्थिति का आकलन कर यातायात बहाली की दिशा में काम किया जाएगा। यात्रियों से मौसम और मार्ग की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Popular Articles