Top 5 This Week

Related Posts

भारत के स्वदेशी नेविगेशन सिस्टम को मिलेगी नई मजबूती, लॉन्च के लिए तैयार NVS-03 उपग्रह

नई दिल्ली। भारत के स्वदेशी क्षेत्रीय नेविगेशन प्रणाली नाविक (NavIC) को और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि एनवीएस-03 (NVS-03) नेविगेशन उपग्रह प्रक्षेपण के लिए पूरी तरह तैयार है। इसके बाद तीन और नेविगेशन उपग्रहों को भी चरणबद्ध तरीके से लॉन्च किया जाएगा, जिससे देश की स्वदेशी सैटेलाइट आधारित नेविगेशन सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।

लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने बताया कि सरकार का लक्ष्य नाविक प्रणाली की क्षमता को पूरी तरह बहाल और उन्नत करना है। NVS-03 दूसरी पीढ़ी के नेविगेशन उपग्रहों की श्रृंखला का हिस्सा है, जिसे अधिक सटीक पोजिशनिंग, बेहतर समय निर्धारण और लंबी परिचालन क्षमता के लिए विकसित किया गया है।

सरकार के अनुसार, आगामी वर्षों में NVS-03 के अलावा तीन अन्य उपग्रह भी प्रक्षेपित किए जाएंगे। इन उपग्रहों के शामिल होने से नाविक नेटवर्क अधिक विश्वसनीय होगा और रक्षा, नागरिक उड्डयन, समुद्री परिवहन, आपदा प्रबंधन, सड़क परिवहन तथा मोबाइल आधारित लोकेशन सेवाओं को अधिक सटीक नेविगेशन सुविधा मिलेगी।

गौरतलब है कि नाविक भारत की स्वदेशी उपग्रह आधारित नेविगेशन प्रणाली है, जिसे विदेशी जीपीएस प्रणालियों पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। यह भारत और इसके आसपास के क्षेत्र में सटीक स्थिति एवं समय संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराती है। दूसरी पीढ़ी के NVS उपग्रहों में स्वदेशी तकनीक, उन्नत परमाणु घड़ियां तथा बेहतर प्रदर्शन जैसी विशेषताएं शामिल हैं।

सरकार का मानना है कि नए उपग्रहों के प्रक्षेपण से भारत की अंतरिक्ष क्षमता और रणनीतिक आत्मनिर्भरता को नई गति मिलेगी। इससे रक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ-साथ नागरिक क्षेत्रों में भी स्वदेशी नेविगेशन सेवाओं का दायरा और विश्वसनीयता बढ़ेगी।

Popular Articles