ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी ने डॉ. मनमोहन सिंह के साहसिक आर्थिक सुधारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह की यह विरासत भारत को आकार दे रही है। पूर्व प्रधानमंत्री को सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए, लैमी ने कहा कि डॉ. सिंह ने भारत और ब्रिटेन के बीच एक ‘संपन्न’ द्विपक्षीय साझेदारी की नींव रखी। विदेश मंत्री लैमी ने शुक्रवार शाम को एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘डॉ. मनमोहन सिंह के साहसिक आर्थिक सुधारों ने भारत की अर्थव्यवस्था को बदल दिया। उनकी विरासत आधुनिक भारत को आकार दे रही है। उनके दृष्टिकोण ने आज की यूके-भारत साझेदारी की नींव रखी है। उनके परिवार और भारतीय लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।’मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री रहे। इससे पहले वह वित्त मंत्री थे। उन्हें भारत के आर्थिक उदारीकरण के प्रमुख वास्तुकार के रूप में जाना जाता है। डॉ. सिंह का निधन 92 वर्ष की आयु में हुआ। शनिवार को दिल्ली में उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान प्रमुख राजनीतिक और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया और 21 तोपों की सलामी दी गई। बृहस्पतिवार रात उनके निधन के बाद सरकार ने सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की। इससे पहले, भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरन ने सोशल मीडिया डॉ. सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि वह एक महान प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री और वैश्विक राजनेता रहे। उन्होंने साहसिक आर्थिक सुधारों के माध्यम से भारत के हितों को आगे बढ़ाया और भारत को उसके उचित स्थान पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. सिंह ने विश्व मंच और वित्तीय संकट के बाद वैश्विक अर्थव्यवस्था को स्थिर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कैमरन ने कहा, ‘ब्रिटेन के तीन प्रधानमंत्रियों के साथ उनकी अमूल्य साझेदारी पर ब्रिटेन को हमेशा गर्व रहेगा और हमारे दो महान विश्वविद्यालयों के पूर्व छात्र के रूप में उन पर गर्व रहेगा। मेरी संवेदनाएं और शुभकामनाएं उनके परिवार और भारत के लोगों के साथ हैं।’