कुसुमखेड़ा के व्यक्ति को लगा बड़ा झटका, पंजाब नेशनल बैंक खाते से रकम गायब; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
हल्द्वानी। न ओटीपी आया, न पीड़ित ने किसी को ओटीपी बताया, फिर भी बैंक खाते से लाखों रुपये पार हो गए। कुसुमखेड़ा निवासी विमल कुमार लोहनी के पंजाब नेशनल बैंक खाते में हुई इस साइबर ठगी ने ऑनलाइन लेनदेन की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरके टेंट हाउस रोड, कुसुमखेड़ा निवासी विमल कुमार लोहनी के मुताबिक, उनके बैंक खाते से ऑनलाइन धोखाधड़ी के जरिए बड़ी रकम निकाल ली गई। उनका कहना है कि रकम निकाले जाने से पहले उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर कोई ओटीपी नहीं आया। ठगी की जानकारी उन्हें मोबाइल पर मिले संदेशों से हुई।
पीड़ित ने संबंधित संदेशों के स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंपते हुए रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है पुलिस अब बैंक खाते से रकम निकाले जाने के तरीके और लेनदेन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी।





