नई दिल्ली। दिल्ली में लंबे समय से प्रतीक्षित बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर मंगलवार को जनता के लिए खोल दिया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसका उद्घाटन किया। करीब 3.5 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर मयूर विहार फेज-1 को सराय काले खां से जोड़ता है और आगे मौजूदा बारापुला कॉरिडोर के जरिए दक्षिण दिल्ली की ओर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराता है।
पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच बेहतर कनेक्टिविटी
फेज-3 के शुरू होने के बाद मयूर विहार, पूर्वी दिल्ली और नोएडा से सराय काले खां होते हुए एम्स तथा दक्षिण दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों को सिग्नल-फ्री मार्ग मिलेगा। मौजूदा बारापुला नेटवर्क से जुड़ने के बाद पूरा एलिवेटेड मार्ग करीब 9 किलोमीटर का हो जाएगा।
35-40 मिनट का सफर करीब 15 मिनट में
अधिकारियों के अनुसार, ट्रैफिक और अन्य परिस्थितियों के आधार पर पूर्वी दिल्ली/नोएडा से एम्स तक यात्रा का समय करीब 35-40 मिनट से घटकर लगभग 15 मिनट हो सकता है। इससे व्यस्त सड़कों और प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
1,635 करोड़ रुपये की लागत
बारापुला फेज-3 परियोजना को वर्ष 2014 में मंजूरी मिली थी और निर्माण कार्य 2015 में शुरू हुआ था। इसे पहले 2017 तक पूरा किया जाना था, लेकिन विभिन्न कारणों से परियोजना में देरी हुई। संशोधित लागत करीब 1,635 करोड़ रुपये बताई गई है।
कॉरिडोर में यमुना के बाढ़ क्षेत्र पर विशेष पुल भी बनाया गया है। इसके अलावा साइकिल चालकों के लिए अलग ट्रैक और पैदल यात्रियों के लिए सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
उद्घाटन के साथ दिल्ली में सड़क संपर्क से जुड़ी अन्य परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया गया है। इनमें मुकरबा चौक अंडरपास का उद्घाटन तथा दो नए फ्लाईओवर परियोजनाओं की आधारशिला रखना शामिल है।





