बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में बुधवार तड़के बादल फटने से भारी तबाही मच गई। अचानक हुई इस प्राकृतिक आपदा से पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। तेज बारिश और पहाड़ी मलबे के बीच कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए, वहीं दो महिलाओं की मौत हो गई है। तीन लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास जारी है। वहीं, प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
तेज बारिश से नदियों और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया। ग्रामीणों ने बताया कि बादल फटने की घटना इतनी तेज थी कि लोग अपने घरों से निकल भी नहीं पाए और कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और प्रभावित लोगों को त्वरित सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, लापता लोगों की तलाश के लिए एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
राज्य सरकार ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने और संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे नदियों और नालों के किनारे न जाएं और सुरक्षित स्थानों पर रहें।





