बांग्लादेश की राजधानी ढाका के उत्तरा क्षेत्र में सोमवार को हुए वायुसेना के एफ-7 प्रशिक्षण विमान हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है, जिनमें 25 बच्चे शामिल हैं। हादसे में घायल हुए करीब 170 लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है, जिनमें से कई की हालत नाज़ुक बनी हुई है।
स्कूल परिसर में गिरा था विमान, लगी भीषण आग
यह दर्दनाक दुर्घटना उस वक्त हुई जब बांग्लादेशी वायुसेना का एफ-7 प्रशिक्षण विमान ढाका के दियाबारी इलाके स्थित माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज परिसर में गिरकर आग की लपटों में घिर गया। हादसे के समय परिसर में सैकड़ों बच्चे मौजूद थे।
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस के विशेष सलाहकार सईदुर रहमान ने जानकारी दी कि अब तक 20 शव उनके परिजनों को सौंपे जा चुके हैं, जबकि दर्जनों परिवार अभी भी अपने बच्चों की तलाश में अस्पतालों के चक्कर काट रहे हैं।
अस्पतालों में अफरातफरी, हर आंख नम
ढाका के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी (NIBPS) में कई घायलों को भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ बच्चों की झुलसने की स्थिति अत्यंत गंभीर है। अस्पतालों में जगह की कमी के चलते कई घायलों को तुरंत इलाज मिल पाना भी मुश्किल हो रहा है।
स्कूल के एक शिक्षक ने बताया कि दुर्घटना के बाद दर्जनों एम्बुलेंस एक के बाद एक घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचा रही थीं, लेकिन मरीजों की संख्या इतनी अधिक थी कि अस्पताल प्रशासन उन्हें समुचित इलाज देने में संघर्ष कर रहा था।
राजकीय शोक दिवस घोषित, झुकेगा राष्ट्रीय ध्वज
सरकार ने इस भीषण दुर्घटना में मृतकों की याद में मंगलवार को राष्ट्रीय शोक दिवस घोषित किया है। मुख्य सलाहकार कार्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार:
- देशभर के सरकारी, अर्ध-सरकारी, स्वायत्त और शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
- सभी धार्मिक स्थलों पर मृतकों और घायलों के लिए विशेष प्रार्थनाएं आयोजित की जाएंगी।





