Top 5 This Week

Related Posts

बदरीनाथ चढ़ावा प्रकरण: आरोपी की पूरी कुंडली खंगाल रही पुलिस, एसआईटी जांच में जुटी

देहरादून। बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की धनराशि में कथित गड़बड़ी के मामले में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। आरोपी कर्मचारी की पृष्ठभूमि, उसकी नियुक्ति, कार्यकाल और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर दिया गया है, जो पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रहा है।

मामला बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के बाद सामने आया। आरोप है कि थाली भेंट की गणना के दौरान धनराशि में अनियमितता हुई। पुलिस ने आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गणना स्थल से कथित तौर पर धनराशि उठाई गई थी। इसके बाद आरोपी को निलंबित कर दिया गया।

पुलिस अब आरोपी के पुराने रिकॉर्ड, मंदिर समिति में उसकी जिम्मेदारियों और पूर्व में किसी तरह की शिकायत या विवाद की जानकारी जुटा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में लगी हैं कि मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित है या इसमें अन्य लोगों की भूमिका भी हो सकती है।

जांच के तहत सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल की जा रही है। मंदिर समिति की टीम ने गणना केंद्र से जुड़े कई दिनों पुराने फुटेज खंगाले हैं और कर्मचारियों से पूछताछ भी की गई है। जांच में गणना प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं को भी शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले को गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सरकार की ओर से उच्चस्तरीय जांच के निर्देश के बाद एसआईटी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Popular Articles