विपक्ष के नेता राहुल गांधी के जन्मदिन पर बंगले में सामान शिफ्ट होना शुरू हो गया है, लेकिन पार्टी सूत्रों ने बताया कि वे अगले संसद सत्र से पहले वहां रहना शुरू कर देंगे। राहुल गांधी पांच, सुनहरी बाग रोड को अपना आधिकारिक आवास बनाने पर सहमति जताई है।
सूत्रों ने बताया कि 21 जुलाई को संसद का मानसून सत्र शुरू होने से पहले गांधी उस बंगले में रहना शुरू कर देंगे। पिछले साल संसदीय सूत्रों ने कहा था कि गांधी को बंगला देने की पेशकश की गई है और उनकी ओर से जवाब का इंतजार है।
गौरतलब है कि राहुल गांधी जब से सांसद बने हैं, तब से उनका आवास 12, तुगलक लेन था। हालांकि, मानहानि के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद 2023 में लोकसभा से अयोग्य घोषित किए जाने के बाद उन्होंने वह घर खाली कर दिया था।
लोकसभा में विपक्ष के नेता बनने के बाद, राहुल गांधी टाइप 8 बंगले के हकदार हैं, क्योंकि उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त है। सुनहरी बाग स्थित आवास पर पहले कर्नाटक के भाजपा नेता ए नारायणस्वामी रहते थे। वह 2021 से 2024 तक मोदी सरकार में सामाजिक न्याय राज्य मंत्री थे।