Top 5 This Week

Related Posts

फ्लाईदुबई विमान हादसा टालने वाले कैप्टन स्मित मच्छर की वायुसेना प्रमुख ने की सराहना

नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने फ्लाईदुबई की उड़ान में सह-पायलट के हमले का सामना करने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर के साहस और सूझबूझ की सराहना की है। उन्होंने कहा कि कैप्टन ने कठिन परिस्थितियों में असाधारण साहस, शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता का परिचय दिया। उनका यह कदम विमानन क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए भी एक सीख है।

वायुसेना प्रमुख ने शनिवार को दिल्ली में वायुसेना दिवस के अवसर पर आयोजित वार्षिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बात कही। उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छर ने जिस तरह संकट का सामना किया, वह असाधारण है।

उड़ान के दौरान सह-पायलट ने किया हमला

जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही थी। इसी दौरान विमान के कॉकपिट में सह-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला कर दिया। हमले में कैप्टन गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के दौरान विमान अचानक तेजी से नीचे आने लगा, जिससे यात्रियों की जान पर खतरा पैदा हो गया। घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छर ने हिम्मत नहीं हारी और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। इसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने हस्तक्षेप कर हमलावर सह-पायलट को काबू करने में मदद की।

सऊदी अरब में करानी पड़ी आपात लैंडिंग

विमान को सऊदी अरब के तबुक शहर की ओर मोड़ा गया, जहां उसकी सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई गई। घटना के बाद घायल कैप्टन को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

प्रधानमंत्री भी कर चुके हैं सराहना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन स्मित मच्छर के साहस और सूझबूझ की प्रशंसा की थी। उन्होंने कहा था कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन ने दूसरों की जान बचाने के लिए साहस दिखाया।

घटना की जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही है। सह-पायलट के हमले के पीछे की वजहों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Popular Articles