रुद्रपुर। एक पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामले में विधि-विवादित किशोर के जन्मतिथि प्रमाण पत्र की जांच करने पहुंचे दो पुलिस कर्मियों के साथ कथित तौर पर मारपीट, अभद्रता,सरकारी कार्य में बाधा डालना और वर्दी फाड़ने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाएं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी एक ही परिवार के है। पुलिस तीनों को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई कर रही है। पुलिस के मुताबिक कांस्टेबल विजय दरमाल और कांस्टेबल कृष्णा प्रसाद किशोर के जन्म प्रमाण संबंधी दस्तावेज लेने के लिए एसपीआर पब्लिक स्कूल, रम्पुरा पहुंचे थे।
स्कूल में अवकाश होने के कारण परिसर बंद मिला। वहां मौजूद एक व्यक्ति से स्कूल के प्रधानाचार्य अथवा स्टाफ के संबंध में जानकारी मांगी गई। पुलिस के मुताबिक उक्त व्यक्ति ने पहले स्वयं को किरायेदार बताते हुए जानकारी देने से इनकार कर दिया।बाद में स्थानीय लोगों से पता चला कि स्कूल के स्वामी प्रदीप कुमार हैं और जानकारी देने से इनकार करने वाला व्यक्ति उनका पुत्र आशीष है। जब पुलिस कर्मियों ने दोबारा उससे जानकारी मांगी तो वह कथित रूप से आक्रोशित हो गया और अभद्र व्यवहार करने लगा।
आशीष पर गाली-गलौज करते हुए अपने परिजनों को बुला लिया। इसके बाद उसकी मां राजवती,बहनें रेखा और सरिता तथा अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस कर्मियों का आरोप है कि सभी ने मिलकर उनके साथ धक्का-मुक्की की, गला पकड़ लिया तथा वर्दी फाड़ दी। वर्दी का दाहिना फ्लैप और जेब क्षतिग्रस्त हो गई तथा नेम प्लेट भी खींच ली गई।
कांस्टेबल कृष्णा प्रसाद ने घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग करने का प्रयास किया गया तो आरोपियों ने उनका मोबाइल छीन कर तोड़ने का प्रयास किया। घटना की सूचना चौकी प्रभारी को दी गई। सूचना कोतवाल प्रकाश दानू,एसएसआई अनिल जोशी, चौकी प्रभारी रम्पुरा पंकज कुमार समेत पुलिस बल और महिला पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग कैद होने का दावा किया है।
कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि कांस्टेबल की तहरीर पर हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आशीष पुत्र प्रदीप कुमार,रेखा और सरिता को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को कार्रवाई के बाद कोर्ट में पेश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फरार प्रदीप, राजवंती और संजय की तलाश की जा रही है।




