रूस और यूक्रेन के बीच पिछले तीन साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के उद्देश्य से वार्ता के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वरिष्ठ दूत स्टीव विटकॉफ और कीथ केलाग इस्तांबुल का दौरा करने वाले हैं।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भी गुरुवार (15 मई) को होने वाली वार्ता में अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन से आमने-सामने बात करने की इच्छा जाहिर की है। लेकिन, जेलेंस्की के सलाहकार मिखाइलो पोडोल्याक ने दो टूक कहा है कि वह वार्ता में तभी भाग लेंगे, जब पुतिन भी वहां होंगे और वह पुतिन के अलावा किसी अन्य रूसी प्रतिनिधि से नहीं मिलेंगे।
सूत्रों ने बताया कि पोडोल्याक ने क्रेमलिन को यह भी दिखाने की चुनौती दी है कि वह वाकई में ईमानदारी से शांति के लिए प्रयासरत है। हालांकि, ट्रंप ने जरूरत पड़ने पर खुद भी इस वार्ता में शामिल होने की पेशकश की है। लेकिन, एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने कहा है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि रूसी सरकार का कोई प्रतिनिधि इसमें शामिल होगा या नहीं।
पुतिन ने भी यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह इसमें भाग लेंगे या नहीं। बहरहाल, यह पूछे जाने पर कि वार्ता में रूस का प्रतिनिधित्व कौन करेगा – क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा, ”जैसे ही राष्ट्रपति को उचित लगेगा, हम इसकी घोषणा करेंगे।”
ट्रंप की ओर से इस युद्ध को समाप्त करने को प्राथमिकता दिए जाने के बाद से मास्को और कीव दोनों ने यह दिखाने की कोशिश की है कि वे शांति की दिशा में काम कर रहे हैं।
रूस और यूक्रेन के बीच फरवरी, 2022 से युद्ध चल रहा है, लेकिन अभी तक किसी स्पष्ट रास्ते पर वे सहमत नहीं हुए हैं। बिना शर्त 30 दिन के युद्ध विराम के यूक्रेनी प्रस्ताव को नजरअंदाज करने के बाद पुतिन ने रविवार को यूक्रेन के साथ सीधी बातचीत का प्रस्ताव रखा था।
ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से जेलेंस्की को इसे स्वीकार करने के लिए कहा था। तब जेलेंस्की कहा कि वह गुरुवार को इस्तांबुल में पुतिन का इंतजार करेंगे। हालांकि, क्रेमलिन ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि पुतिन इस्तांबुल जाना चाहते हैं या नहीं। उधर, रूस पर और प्रतिबंध लगाने की दिशा में यूरोप तेजी से काम कर रहा है।





