Wednesday, March 4, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

पीओके में क्रैश हुआ पाकिस्तानी सेना का हेलिकॉप्टर; दो अधिकारियों समेत पांच जवानों की हुई मौत

इस्लामाबाद।
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में सोमवार को एक बड़ा सैन्य हादसा हो गया। पाकिस्तानी सेना का एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार दो वरिष्ठ अधिकारियों सहित पांच जवानों की मौत हो गई। सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने हादसे की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र के लसवा इलाके में हुआ। हेलिकॉप्टर नियमित गश्ती और आपूर्ति मिशन पर था, तभी अचानक तकनीकी खराबी के चलते वह पहाड़ी इलाके में क्रैश हो गया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही सभी सैन्यकर्मी जान गंवा बैठे।
मारे गए जवानों में दो अधिकारी भी शामिल हैं, जिनकी पहचान ब्रिगेडियर और मेजर रैंक के अधिकारियों के तौर पर हुई है। बाकी तीन सैनिक तकनीकी दल और क्रू सदस्य थे। सेना ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
सेना और रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और इलाके को घेराबंदी कर शवों को बाहर निकाला। खराब मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण राहत कार्यों में कठिनाई का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि पाकिस्तानी सेना के हेलिकॉप्टरों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं पहले भी होती रही हैं। अगस्त 2022 में बलूचिस्तान में बाढ़ राहत कार्य के दौरान सेना का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था, जिसमें एक लेफ्टिनेंट जनरल समेत छह वरिष्ठ अधिकारी मारे गए थे।
इस ताजा हादसे ने एक बार फिर पाकिस्तानी सेना की विमानन सुरक्षा और रखरखाव प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि ISPR ने घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं।

Popular Articles