Top 5 This Week

Related Posts

पीएम मोदी के जन्मदिन पर उत्तराखंड भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’, एक माह में होंगे 13 प्रमुख कार्यक्रम

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उत्तराखंड भाजपा ने प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। रविवार को देहरादून में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। यह अभियान करीब एक महीने तक चलेगा और इसके तहत 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहा है। उनके जन्मदिन को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाना सबसे सार्थक होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा गतिविधियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

16 सितंबर से शुरू होगा अभियान

भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक कुंदन परिहार ने बताया कि उत्तराखंड में अभियान 16 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। देशभर में अभियान की शुरुआत 17 सितंबर से होगी।

अभियान के तहत आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदानऔर सेवा सेतु अभियान समेत 13 कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इसके अलावा ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

सेवा को बताया सबसे अच्छा उत्सव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन में गरीब कल्याण, युवा सशक्तीकरण और महिलाओं के उत्थान पर विशेष जोर रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा ही सबसे अच्छा उत्सव है और उत्तराखंड भाजपा इस अभियान को सफल बनाने में देश में अग्रणी भूमिका निभाएगी।

अभियान के क्षेत्रीय संयोजक कुलदीप चहल ने कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर सेवा गतिविधियों को प्रभावी बनाने का आह्वान किया। कार्यशाला में केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, मदन कौशिक, गणेश जोशी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Popular Articles