Top 5 This Week

Related Posts

पीएम मोदी और अमित शाह को अवैध कहना जनादेश का अपमान: शिवराज सिंह चौहान

नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को ‘अवैध’ बताने वाले बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी देश की संवैधानिक संस्थाओं और जनता के जनादेश का अपमान है।

शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को जारी बयान में आरोप लगाया कि खरगे की टिप्पणी कांग्रेस की निराशा और हार की मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कहने पर दिया गया यह बयान संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने की पार्टी की पुरानी प्रवृत्ति का उदाहरण है।

चुनाव में हार के बाद संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप

चौहान ने कहा कि जब भी जनता चुनाव में कांग्रेस को नकारती है, पार्टी लोकतंत्र, चुनाव आयोग, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और जनता के जनादेश पर सवाल उठाने लगती है। उन्होंने इसे 140 करोड़ भारतीयों की लोकतांत्रिक समझ का अनादर बताया।

भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनता ने जनादेश देकर चुना है। ऐसे में उन्हें अवैध कहना लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अविश्वास को दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस की नजर में लोकतंत्र तभी वैध है, जब सत्ता में कांग्रेस या गांधी परिवार हो?

चौहान ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान की मजबूत नींव पर टिका है। जनता ऐसे बयानों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देती रहेगी।

खरगे ने की थी बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग

दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक के कलबुर्गी में चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं को भंग कर नए सिरे से चुनाव कराने की मांग की थी। उन्होंने चुनावों को अवैध बताते हुए प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों पर भी टिप्पणी की थी। खरगे ने ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग दोहराई थी।

खरगे के बयान के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

Popular Articles