पिथौरागढ़। सीमांत जिले पिथौरागढ़ में रविवार रात हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर कूलागाड़ के पास पुल बहने के बाद बनाया गया वैकल्पिक रास्ता भी तेज बारिश की चपेट में आकर बह गया। प्रशासन ने सोमवार सुबह मौके पर पहुंचकर रास्ते की मरम्मत कराई, जिसके बाद आवाजाही दोबारा सुचारु हो गई।
जिले के बंगापानी क्षेत्र में सबसे अधिक 113 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम वर्षा हुई। बारिश के कारण कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग समेत जिले की 16 ग्रामीण सड़कें मलबा आने से बंद हैं। मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की ओर से लगातार काम किया जा रहा है।
वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाट के पास पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतने की अपील की है।
बारिश के बीच उच्च हिमालयी क्षेत्र की पंचाचूली, राजरंभा, नंदा देवी और हरदेवल चोटियों पर हिमपात भी हुआ है। इससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम और अधिक ठंडा हो गया है।
घाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर टला हादसा
घाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर रविवार देर रात पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने से एक बड़ा हादसा टल गया। पत्थरों से बचने के प्रयास में एक वाहन अनियंत्रित होकर पैराफिट पर चढ़ गया और विद्युत पोल से टकराकर रुक गया। हादसे में चालक समेत वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे।
सूचना मिलने पर घाट चौकी पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से जेसीबी के जरिए वाहन को सुरक्षित बाहर निकलवाया। इसके बाद यात्रियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
बारिश और भूस्खलन की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी है।





