न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी की लोकप्रियता का एक अनोखा नजारा रविवार को वॉशिंगटन स्क्वायर पार्क के पास देखने को मिला। यहां ममदानी के हमशक्लों के लिए विशेष प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसे देखने और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए करीब 200 लोग जुटे।
प्रतियोगिता में नौ प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सभी ने ममदानी के अलग-अलग अंदाज को अपने पहनावे और हाव-भाव में उतारने की कोशिश की। किसी ने ममदानी जैसी दाढ़ी और हेयरस्टाइल अपनाई तो किसी ने उनके चर्चित सूट और टाई वाले अंदाज की नकल की। एक प्रतिभागी ने 2025 के चुनाव प्रचार के दौरान ममदानी द्वारा पहने गए भूरे रंग के सूट जैसा पहनावा भी चुना।
नाटक और अंदाज से जीता दिल
प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा तालियां अमादेओ फुस्का को मिलीं। 40 वर्षीय अभिनेता और कॉमेडियन फुस्का ने सूट के नीचे न्यूयॉर्क निक्स की जर्सी पहनी थी। उनका हेयरकट और चेहरे के बाल भी ममदानी से काफी मिलते-जुलते थे। भीड़ के समर्थन के आधार पर उन्हें विजेता चुना गया और 100 डॉलर का पुरस्कार दिया गया।
प्रतियोगियों से एक सवाल पूछा गया—उनकी पसंदीदा पिज्जा कौन सी है। इसके बाद दर्शकों की तालियों के आधार पर विजेता का फैसला किया गया।
बिना परमिट के कारण बदली जगह
कार्यक्रम की शुरुआत वॉशिंगटन स्क्वायर पार्क में हुई थी, लेकिन आयोजकों के पास आवश्यक परमिट नहीं होने के कारण पुलिस ने उन्हें पार्क से बाहर जाने को कहा। इसके बाद प्रतियोगिता पार्क के बाहर आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन सोशल प्लेटफॉर्म Sonder की ओर से किया गया था।
ममदानी के हमशक्लों की यह प्रतियोगिता पहली बार नहीं हुई है। 2025 में उनके मेयर पद के चुनाव अभियान के दौरान ब्रुकलिन में भी इसी तरह की प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। सोशल मीडिया पर ममदानी की बढ़ती लोकप्रियता के साथ उनकी नकल करने वाले कलाकारों को भी काम मिलने लगा है।





