लाइन नंबर-17 में संयुक्त कार्रवाई, बुप्रेनॉरफिन और एविल के 95-95 इंजेक्शन बरामद; सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी एसटीएफ
हल्द्वानी। शहर में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 190 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। टीम ने मौके से नशे के सौदागर को गिरफ्तार किया है। बरामद इंजेक्शनों में 95 बुप्रेनॉरफिन और 95 एविल इंजेक्शन शामिल हैं। अब पुलिस की जांच का दायरा इंजेक्शनों की बरामदगी से आगे बढ़कर इनके सप्लाई नेटवर्क तक पहुंच गया है।
एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने कोतवाली बनभूलपुरा पुलिस के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। गिरफ्तार युवक अदनान कुरैशी लाइन नंबर-17 में लाल मस्जिद के सामने का निवासी है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर नशीले इंजेक्शनों के स्रोत और उनकी आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
राज्य को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स अवैध नशीले पदार्थों और दवाओं के कारोबार पर नजर रख रही है। इसी क्रम में सूचनाएं जुटाने के बाद संयुक्त टीम ने बनभूलपुरा क्षेत्र में कार्रवाई की। बरामदगी के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच: इंजेक्शन कहां से आए और किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।आगे की कार्रवाई: एसटीएफ गिरफ्तार अभियुक्त के आगे और पीछे के संपर्कों की पड़ताल कर रही है।
नशे की खेप के साथ सौदागर को पकड़ने वाली टीम में शामिल
एसटीएफ एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट से निरीक्षक पावन स्वरूप, एस आई विनोद जोशी, एस आई जगदीप नेगी, हेड, कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान, कास्टेबल इसरार अहमद,शामिल रहे। वहीं, कोतवाली बनभूलपुरा के कोतवाल दिनेश फर्त्याल,एस आई जगबीर सिंह, और कास्टेबल सुनील कुमार सहित आदि शामिल थे।
एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री या तस्करी की जानकारी पुलिस को दें, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए समय रहते कार्रवाई की जा सके।





