प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मॉरिशस के दौरे पर हैं। भारत और मॉरीशस के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
मॉरीशस में 12 मार्च को राष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है। भारत और मॉरीशस के बीच समुद्री सुरक्षा, विकास, क्षमता निर्माण में करीबी सहयोग है और लोगों के आपसी संबंधों काफी मजबूत हैं। यह नजदीकी खासकर उन विकास परियोजनाओं में दिखती है, जो भारत की मदद से मॉरीशस में बनाई गई हैं। भारत मॉरीशस का एक प्रमुख व्यापारिक भागीदार है। 2023-24 में मॉरीशस, सिंगापुर के बाद भारत में विदेशी निवेश का दूसरा सबसे बड़ा स्रोत है।
दोनों देशों ने फरवरी 2021 में एक व्यापक आर्थिक सहयोग और साझेदारी समझौते (सीईसीपीए) पर हस्ताक्षर किए थे, जो दोनों देशों के बीच 15 वर्षों की वार्ता के बाद हुआ था। यह भारत और किसी अफ्रीकी देशे के बीच पहला व्यापारिक समझौता था। मॉरीशस में भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्य पोर्ट लुइस स्थित होटल के बाहर एकत्र होना शुरू हो गए हैं। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शीघ्र ही पहुंचेंगे। भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्य शरद बरनवाल ने कहा कि हम सभी बहुत उत्साहित हैं। हम सुबह से ही यहां एकत्र हुए हैं। भारत और मॉरीशस के बीच दोस्ती हमेशा से बहुत अच्छी रही है और पीएम मोदी की इस यात्रा के बाद यह रिश्ता और मजबूत होगा। नीतीश गुप्ता ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने के लिए यहां आकर बहुत उत्साहित हूं। यह एक शानदार जगह है। हम बहुत उत्साहित हैं। यह हमारे लिए बहुत बड़ा पल है। अगर हम उनसे हाथ भी मिला पाएं तो यह हमारे लिए बहुत बड़ी बात होगी। पीएम मोदी से मिलना एक बहुत खास पल है और हम बहुत उत्साहित हैं। यह हमारे लिए खुशी की बात है कि हमारे प्रधानमंत्री यहां आए हैं।