सहारनपुर/देहरादून। देहरादून से दिल्ली जा रही उत्तराखंड रोडवेज की बस के एक टायर में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना शाकुंभरी चौक से आगे देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर हुई। चालक की सतर्कता के चलते समय रहते बस रोक दी गई और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस संख्या यूके 07 पीए 5202 सुबह करीब छह बजे देहरादून के आईएसबीटी से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। करीब एक घंटे बाद शाकुंभरी चौक से आगे एक्सप्रेसवे पर पहुंचते ही बस के एक टायर से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में टायर में आग दिखाई देने लगी।
धुआं और आग देखकर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। चालक ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया। परिचालक की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से उतार लिया गया। इसके बाद टायर में लगी आग को नियंत्रित किया गया।
दूसरी बस से भेजे गए यात्री
घटना के बाद यात्रियों को कुछ समय तक सड़क पर ही इंतजार करना पड़ा। बाद में देहरादून से दूसरी बस की व्यवस्था की गई और यात्रियों को दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
इस घटना ने लंबी दूरी की रोडवेज बसों की फिटनेस और तकनीकी जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों के अनुसार, बस आईएसबीटी से निकलने के बाद से ही सामान्य गति से नहीं चल रही थी। ऐसे में यात्रियों ने रोडवेज प्रबंधन से बसों को लंबी दूरी के लिए रवाना करने से पहले टायर और अन्य तकनीकी उपकरणों की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है।





