Wednesday, February 5, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

देवेंद्र फडणवीस के हाथ में तीसरी बार कमान

महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री को लेकर जारी सस्पेंस पर आखिरकार विराम लग गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक में देवेंद्र फडणवीस को नेता चुना गया। आज वे सीएम पद की शपथ लेंगे। इस शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी भी शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज महाराष्ट्र की नव निर्वाचित सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रतिभाग करेंगे। जिसके मद्देनजर मुंबई में तैयारियां की गई हैं। महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के मरकडवाडी गांव और आसपास के इलाकों में कुछ ग्रामीणों द्वारा कथित तौर पर अनधिकृत तरीके से मतपत्रों का उपयोग करके पुनर्मतदान की कोशिश करने की घटना के एक दिन बाद पुलिस ने इस मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता उत्तम जानकर और 88 अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एक दिन पहले निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में 200 ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे और एनसीपी प्रमुख अजित पवार के पोस्टर मुंबई के आजाद मैदान के आसपास के इलाकों में लगे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री-भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा के पोस्टर भी देखे गए। फडणवीस आज महाराष्ट्र के सीएम पद की शपथ लेंगे।

महाराष्ट्र के तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे देवेंद्र फडणवीस राजनीति के हर फन में माहिर हैं। सबसे खास उनका लचीला स्वभाव। मौके की नजाकत को समझते हुए बर्ताव करना। पार्टी के साथ वफादारी। हालिया विधानसभा चुनावों में भाजपा के शानदार प्रदर्शन और विधायक दल के नेता के तौर पर उनके चुनाव ने साफ कर दिया है कि वह राज्य का नेतृत्व करने की कुव्वत रखते हैं। फडणवीस का राजनीतिक सफर एक मिसाल पेश करता है। उन्होंने एक पार्षद के तौर पर जनता की सेवा करने से लेकर नागपुर के सबसे कम उम्र के मेयर बनने तक का खिताब अपने नाम किया और पार्टी के अंदर एक अहम नेता बनकर उभरे। वह शिवसेना के मनोहर जोशी के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनने वाले दूसरे ब्राह्मण नेता हैं।  जनसंघ और बाद में भाजपा नेता रहे स्व. गंगाधर फडणवीस के बेटे देवेंद्र ने कम उम्र में ही राजनीति में कदम रख दिया था। 1989 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में शामिल हुए। 1992 में नागपुर भाजयुमो इकाई के अध्यक्ष बने। इसी साल उन्होंने नागपुर के रामनगर वार्ड से अपना पहला नगरपालिका चुनाव जीता और 21 साल की उम्र में नागपुर नगर निगम के सबसे युवा पार्षद बन गए। 1994 में भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष बने। 1997 में 27 साल की उम्र में यहां के सबसे युवा मेयर बने। फडणवीस ने 1999 में अपना पहला विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।

Popular Articles