उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में आज भी भारी बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत और नैनीताल के कुछ इलाकों में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। 13 अगस्त तक प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहने का अनुमान है।
भारी बारिश और भूस्खलन से प्रभावित सड़कों को खोलने का कार्य जारी है। गुरुवार तक 243 मार्गों को बहाल किया गया, लेकिन अब भी 116 सड़कें बंद हैं। इनमें पौड़ी जिले में एक राष्ट्रीय राजमार्ग, 11 राज्य मार्ग, 9 मुख्य जिला मार्ग, 2 अन्य जिला मार्ग और 93 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं।
लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि प्रदेश में भारी वर्षा के चलते कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, बीआरओ और पीएमजीएसवाई के अधिकारी-कर्मचारी दिन-रात मशीनों की मदद से मार्ग खोलने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक चरण में 359 मार्ग बंद थे, जिनमें से अधिकांश बहाल हो चुके हैं, शेष को जल्द खोलने का प्रयास किया जा रहा है।