Top 5 This Week

Related Posts

दिल्ली में आज INDIA गठबंधन की बैठक, DMK और AAP रहेंगी दूर; SIR और CEC के खिलाफ रणनीति पर होगी चर्चा

नई दिल्ली। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उठे विवाद के बीच विपक्षी INDIA गठबंधन के शीर्ष नेताओं की बैठक बुधवार को नई दिल्ली में होगी। बैठक में SIR को लेकर संयुक्त आंदोलन की आगे की रणनीति और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर चर्चा होने की संभावना है।

बैठक के एजेंडे में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग का नोटिस भी शामिल है। सूत्रों के अनुसार, लोकसभा और राज्यसभा में पेश किए जाने वाले प्रस्ताव का मसौदा तैयार किया गया है, जिस पर बैठक में विचार-विमर्श किया जाएगा।

बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, जयराम रमेश और केसी वेणुगोपाल के अलावा तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी सहित कई विपक्षी दलों के नेता शामिल होंगे। माकपा, भाकपा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (यूबीटी) के नेता भी बैठक में भाग लेंगे।

हालांकि, द्रमुक (DMK) और आम आदमी पार्टी (AAP) बैठक में शामिल नहीं होंगी। वहीं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी बैठक में व्यक्तिगत रूप से मौजूद नहीं रहेंगे। राज्यसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया में व्यस्तता के कारण वह बैठक में नहीं आएंगे, लेकिन उनकी पार्टी का प्रतिनिधि इसमें शामिल होगा।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि कांग्रेस अन्य राजनीतिक दलों के सहयोग से लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर बड़ा आंदोलन करना चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि DMK और AAP को साथ लाने के प्रयासों पर चर्चा की जाएगी।

बैठक ऐसे समय हो रही है जब विपक्षी दल SIR की प्रक्रिया और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी चिंताएं सामने रख रहे हैं। वहीं चुनाव आयोग की ओर से उसकी कार्यप्रणाली को लेकर अलग पक्ष भी सामने आया है।

Popular Articles