Top 5 This Week

Related Posts

‘दिल्ली नहीं, बंगाल ही चलाएगा’: जलपाईगुड़ी की सभा में सीएम ममता बनर्जी का केंद्र पर तीखा हमला

जलपाईगुड़ी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को जलपाईगुड़ी में आयोजित एक जनसभा में केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली नहीं, बंगाल ही बंगाल को चलाएगा” और केंद्र पर संघीय ढांचे में दखल देने का आरोप लगाया।

ममता ने कहा कि पिछली बार सघन मतदाता पुनरीक्षण कार्य में लगभग दो साल का समय लगा था, लेकिन इस बार महज दो से तीन महीने में इसे पूरा करने की बात कही जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने कम समय में यह काम कैसे संभव है और केंद्र की मंशा पर संदेह जताया।

सभा में ममता बनर्जी ने असम से बंगाल के लोगों को एनआरसी नोटिस भेजे जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल के प्रवासी श्रमिकों पर उत्तर प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, बिहार और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों में बांग्ला भाषा बोलने वालों को ‘बांग्लादेशी’ कहकर प्रताड़ित किया जा रहा है और उन्हें जबरन बांग्लादेश भेजने की कोशिश हो रही है, लेकिन बंगाल सरकार इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

सीएम ने चुनौती देते हुए कहा, देखते हैं, किसमें कितनी हिम्मत है और कितना अत्याचार कर सकता है।” उन्होंने कहा कि बंगाल हमेशा भाईचारे और सौहार्द का पक्षधर रहा है। यहां दूसरे राज्यों से आए लोग भी सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीते हैं। “हम बंगाल में रहने वाले अन्य राज्यों के लोगों पर अत्याचार नहीं करते, बल्कि उन्हें प्यार और सम्मान देते हैं,” ममता ने जोड़ा।

मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब बंगाल और केंद्र सरकार के बीच विभिन्न मुद्दों पर लगातार टकराव बना हुआ है। ममता बनर्जी ने एक बार फिर साफ किया कि राज्य अपने अधिकारों और जनता के भरोसे से ही चलेगा, न कि दिल्ली के दबाव में।

Popular Articles