बैंकॉक। थाईलैंड में लगातार भारी बारिश के बाद आई बाढ़ ने व्यापक तबाही मचा दी है। आपदा रोकथाम और शमन विभाग (DDPM) के अनुसार, देश में बाढ़ से अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी बैंकॉक में करीब 7 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
48 घंटे की बारिश से बिगड़े हालात
बैंकॉक में करीब 48 घंटे तक हुई लगातार तेज बारिश के बाद शहर के कई हिस्से अब भी जलमग्न हैं। प्रशासन ने राजधानी के सभी क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन के तहत राहत कार्य तेज कर दिए हैं। स्कूल बंद रखे गए हैं और 230 से अधिक राहत शिविरों में करीब 7,000 लोग रह रहे हैं।
बाढ़ का असर थाईलैंड के 29 प्रांतों तक पहुंच गया है। अधिकारियों के मुताबिक, बैंकॉक में चार लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा समुत प्राकान में आठ और सा काएओ में छह लोगों की जान गई है। चंथाबुरी, अयुथ्या और साराबुरी में भी मौतें दर्ज की गई हैं।
सड़कें जलमग्न, यातायात प्रभावित
बैंकॉक की कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब गई हैं और जगह-जगह यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। कई वाहन पानी में फंस गए। शहर के निचले इलाकों में स्थिति ज्यादा गंभीर बनी हुई है। लगातार बारिश के कारण नहरों का जलस्तर बढ़ गया, जिससे पानी की निकासी में मुश्किल आ रही है।
प्रशासन ने जल निकासी के लिए पंपिंग स्टेशनों को पूरी क्षमता से संचालित किया है। बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपुंट के अनुसार, कुछ इलाकों से पानी पूरी तरह निकालने में एक सप्ताह तक का समय लग सकता है।
सितंबर थाईलैंड में बारिश का चरम महीना माना जाता है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार बाढ़ का असर पिछले वर्षों की तुलना में अधिक गंभीर नजर आ रहा है।





