हैदराबाद। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की प्रस्तावित अमेरिका यात्रा को केंद्र सरकार ने राजनीतिक मंजूरी नहीं दी है। विदेश मंत्रालय के इस फैसले के बाद उनकी अमेरिका यात्रा रद्द हो गई है। रेवंत रेड्डी फिलहाल लंदन में हैं और अब अमेरिका जाने के बजाय 23 अगस्त को लंदन से हैदराबाद लौटेंगे।
रेवंत रेड्डी 20 अगस्त को ‘तेलंगाना राइजिंग’ प्रतिनिधिमंडल के साथ 10 दिवसीय ब्रिटेन-अमेरिका दौरे पर रवाना हुए थे। उनके कार्यक्रम में ब्रिटेन के बाद अमेरिका के बोस्टन समेत कई शहरों का दौरा प्रस्तावित था। इस दौरान शैक्षणिक संस्थानों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें तथा निवेश और शिक्षा से जुड़े समझौतों पर चर्चा होनी थी।
विदेश मंत्रालय ने बताई वजह
विदेश मंत्रालय ने कहा कि मुख्यमंत्रियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की विदेश यात्राओं के लिए राजनीतिक मंजूरी देने से पहले प्रस्तावित कार्यक्रम का आकलन किया जाता है। मंत्रालय के अनुसार, कार्यक्रम मुख्यमंत्री के पद और यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप होना चाहिए। इस मामले में अमेरिका से संबंधित प्रस्तावित कार्यक्रम उपयुक्त नहीं पाया गया, इसलिए राजनीतिक मंजूरी नहीं दी गई। वहीं, रेवंत रेड्डी की ब्रिटेन यात्रा को मंजूरी दी गई थी।
शिक्षा और निवेश पर था जोर
रेवंत रेड्डी ने कहा कि अमेरिका यात्रा का उद्देश्य तेलंगाना में विश्वस्तरीय शिक्षा, कौशल और प्रशिक्षण के अवसर लाना था। प्रस्तावित कार्यक्रम में हार्वर्ड यूनिवर्सिटी, एमआईटी, नॉर्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी और वर्जीनिया टेक जैसे संस्थानों के साथ संपर्क शामिल था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दों पर राजनीति और चुनाव से ऊपर उठकर सोचने की जरूरत है। केंद्र के फैसले पर उन्होंने निराशा जताई, लेकिन निर्देश का पालन करते हुए भारत लौटने का निर्णय लिया।
इस बीच, रेवंत रेड्डी के बिना ‘तेलंगाना राइजिंग’ प्रतिनिधिमंडल के अमेरिका में प्रस्तावित कार्यक्रमों को जारी रखने की संभावना है।





