Top 5 This Week

Related Posts

तुर्की की बढ़ती सैन्य ताकत के बीच ग्रीस का बड़ा कदम, इजरायली एयर डिफेंस सिस्टम खरीदने की तैयारी

एथेंस। तुर्की के साथ बढ़ते सामरिक तनाव और क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों के बीच ग्रीस अपनी सैन्य क्षमता को मजबूत करने में जुट गया है। इसी कड़ी में ग्रीस इजरायल से अत्याधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम और हथियार खरीदने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रस्तावित सौदे में इजरायल के डेविड्स स्लिंग, स्पाइडर एयर डिफेंस सिस्टम और एफ-16 लड़ाकू विमानों के लिए रैम्पेज मिसाइलस्पाइस प्रिसिजन गाइडेड हथियार शामिल बताए जा रहे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, ग्रीस का लक्ष्य अपनी हवाई सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय बनाना है ताकि मिसाइलों, ड्रोन और अन्य हवाई खतरों से निपटने की क्षमता बढ़ाई जा सके। इसके लिए एथेंस इजरायल की रक्षा कंपनियों से करीब 3 अरब यूरो के संभावित सौदे पर बातचीत कर रहा है।

इस योजना में शामिल डेविड्स स्लिंग लंबी दूरी के मिसाइल और हवाई खतरों को रोकने के लिए विकसित प्रणाली है, जबकि स्पाइडर एक मोबाइल एयर डिफेंस सिस्टम है, जो विमान, हेलिकॉप्टर, ड्रोन और क्रूज मिसाइल जैसे लक्ष्यों को निशाना बना सकता है।

ग्रीस अपने एफ-16 लड़ाकू विमानों की क्षमता बढ़ाने के लिए इजरायली रैम्पेज मिसाइल और स्पाइस गाइडेड किट को भी शामिल करने की योजना बना रहा है। इन हथियारों से ग्रीक वायुसेना को लंबी दूरी से सटीक हमले करने की अतिरिक्त क्षमता मिलने की उम्मीद है।

इस रक्षा सौदे को तुर्की के साथ जारी रणनीतिक प्रतिस्पर्धा के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। दोनों देश नाटो के सदस्य हैं, लेकिन पूर्वी भूमध्यसागर, समुद्री सीमाओं और सैन्य संतुलन को लेकर उनके बीच लंबे समय से मतभेद रहे हैं। ग्रीस पहले ही अमेरिका से एफ-35 लड़ाकू विमानों की खरीद और अपनी सैन्य आधुनिकीकरण योजनाओं पर काम कर रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इजरायली प्रणालियों को शामिल करने से ग्रीस की हवाई सुरक्षा क्षमता में बड़ा बदलाव आ सकता है। खासकर ड्रोन युद्ध और लंबी दूरी के मिसाइल खतरों को देखते हुए यूरोप और मध्य-पूर्व के कई देश आधुनिक एयर डिफेंस तकनीक पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

ग्रीस और इजरायल के बीच रक्षा सहयोग पिछले कुछ वर्षों में लगातार बढ़ा है। नए समझौते से दोनों देशों के सैन्य संबंध और मजबूत होने की संभावना है, जबकि क्षेत्रीय शक्ति संतुलन पर भी इसका असर पड़ सकता है।

 

Popular Articles