ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में वर्षों से चली आ रही भीषण ट्रैफिक समस्या से निपटने के लिए अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का सहारा लिया जा रहा है। शहर में एआई आधारित ट्रैफिक निगरानी प्रणाली लागू की गई है, जिसके जरिए ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर स्वत: कार्रवाई की जा रही है।
करीब 2.2 करोड़ आबादी वाले ढाका को दुनिया के सबसे धीमे शहरों में गिना जाता है। यहां वाहनों की औसत रफ्तार लगभग 4.8 किलोमीटर प्रति घंटा रह गई है, जो कई बार पैदल चलने की गति से भी कम होती है। शहर की सड़कों पर बस, कार, मोटरसाइकिल और रिक्शों की भारी भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था लंबे समय से चरमराई हुई है।
नई व्यवस्था के तहत अप्रैल से ट्रैफिक कैमरों को एआई सॉफ्टवेयर से जोड़ा गया है। यह प्रणाली रेड लाइट जंप, गलत लेन में वाहन चलाने और अवैध पार्किंग जैसी गतिविधियों को स्वत: पहचान लेती है। नियम तोड़ने वाले वाहन मालिकों को सीधे मोबाइल संदेश भेजकर जुर्माने की सूचना दी जा रही है।
ढाका ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि पहले चालान काटने के दौरान पुलिसकर्मियों और वाहन चालकों के बीच अक्सर विवाद हो जाते थे। लेकिन एआई प्रणाली लागू होने के बाद लोगों में नियमों के पालन की प्रवृत्ति बढ़ी है और सड़क पर टकराव की घटनाएं कम हुई हैं।
पुलिस के अनुसार, एआई प्रणाली एक दिन में सैकड़ों ट्रैफिक उल्लंघनों की पहचान कर रही है। अब तक करीब 300 वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है। कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारी कैमरों से प्राप्त फुटेज की निगरानी कर रहे हैं और एआई द्वारा चिह्नित मामलों की पुष्टि के बाद जुर्माना जारी किया जा रहा है।
हालांकि अधिकारियों ने माना है कि व्यवस्था के सामने कुछ चुनौतियां भी हैं। कई वाहनों की नंबर प्लेट धुंधली होने या छोटे आकार में होने के कारण पहचान में दिक्कत आ रही है। इसके बावजूद सरकार का मानना है कि एआई आधारित यह पहल भविष्य में ढाका की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने में अहम भूमिका निभाएगी





