Monday, February 16, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

डोनाल्ड ट्रंप ने सीन डफी को नियुक्त किया परिवहन मंत्री

अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को पूर्व सांसद सीन डफी को परिवहन मंत्री नियुक्त किया। बड़ी सरकारी योजनाओं, जैसे ढांचागत खर्च और यातायात नियमों का रखरखाव डफी की जिम्मेदारी होगी। ट्रंप ने अपने एलान में डफी के कांग्रेस में किए गए प्रयासों की सराहना की और कहा कि डफी ने कांग्रेस (अमेरिकी संसद) में डेमोक्रेटिक पार्टी के सहयोगियों के साथ मिलकर एक बड़ी सड़क और पुल परियोजना तैयार की थी और अब वह अमेरिका के ढांचागत सुधार और रखरखाव में अहम भूमिका निभाएंगे।
ट्रंप प्रशासन की सरकारी खर्चों में कटौती करने की योजना है। ट्रंप ने कहा कि डफी उन पहलों को खत्म करेंगे जो नस्लीय विविधत बढ़ाने के लिए पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स के लिए शुरू की गई थीं। उन्होंने कहा कि डफी अमेरिका के राजमार्गों, सुरंगों, पुलों और हवाई अड्डों का पुनर्निर्माण करते समय उत्कृष्टता, योग्यता, प्रतिस्पर्धा पर जोर देंगे। डफी एक टीवी होस्ट भी रहे हैं और पहले कांग्रेस में विस्कॉन्सिन का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह फॉक्स बिजनेस चैनल पर देखे जाते थे। इसी तरह रक्षा मंत्री के लिए ट्रंप की चुने गए पीट हेग्सेथ भी एक टीवी होस्ट हैं, जो फॉक्स न्यूज चैनल पर दिखाई देते थे। ट्रंप ने अपनी कैबिनेट में अपने राजनीतिक सहयोगियों, कुछ नए नेताओं और कुछ आम लोगों को शामिल किया है। लेकिन उन्होंने उन लोगों को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी है जो उनके प्रति वफादार रहे। ट्रंप का लक्ष्य व्यापार पर शुल्क बढ़ाना और प्रवासियों को वापस भेजने की योजना को लागू करना है।

ट्रंप की ओर से चुने गए लोगों को अमेरिकी सीनेट से मंजूरी हासिल करनी होगी। हालांकि, ट्रंप को अपनी पार्टी के कुछ सदस्यों के विरोध का सामना करना पड़ सकता है। उदाहरण के लिए पूर्व कांग्रेस सदस्य मैट गेट्ज को न्याय विभाग प्रमुख बनाने की योजना है। उनके खिलाफ यौन संबंधी आरोपों की जांच की गई थी। हालांकि, इस मामले में उनके खिलाफ आपराधिक आरोप तय नहीं हुए थे।

वहीं, पीट हेग्सेथ जिन्हें अगला रक्षा मंत्री नियुक्त किया गया है, उन पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इस मामले में उन पर आरोप लगा कि उन्होंने उस महिला के साथ समझौता किया और उसे चुप रहने के लिए पैसे दिए।

Popular Articles