Top 5 This Week

Related Posts

डिजिटल अरेस्ट का खौफ दिखाकर बुजुर्ग महिला से 8.60 लाख की ठगी

फोन हैक कर खुद को सीबीआई-कस्टम अधिकारी बताया, एआई से अश्लील तस्वीरें बनाकर परिवार को भेजने की धमकी से दहशत में आईं पीड़िता

हल्द्वानी। न पुलिस की वर्दी थी, न कोई सरकारी पहचान—फिर भी ठगों ने खुद को सीबीआई और कस्टम अधिकारी बताकर एक बुजुर्ग महिला को ऐसा डराया कि उसके खाते से लाखों रुपये निकलवा लिए। काठगोदाम की नैनीताल रोड स्थित टेढ़ी पुलिया निवासी बुजुर्ग गीता बल्यूटिया को घर में पुलिस भेजने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से अश्लील तस्वीरें बनाकर परिवार के लोगों को भेजने की धमकी दी गई। साइबर ठगों ने कथित तौर पर पहले उनका फोन हैक किया और फिर अलग-अलग मोबाइल नंबरों से संपर्क कर दबाव बनाया। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। अब काठगोदाम पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक ही दिन में कई बार में निकलवाए रुपये

पीड़िता गीता बल्यूटिया के अनुसार, 22 अक्टूबर को उनका मोबाइल फोन हैक होने के बाद अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सऐप पर संपर्क किया गया। कॉल करने वालों ने खुद को सीबीआई और कस्टम विभाग का अधिकारी बताया। घर में पुलिस भेजने और एआई से आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर परिवार को भेजने की धमकी देकर उन्हें डराया गया।
आरोप है कि इसी दबाव में ठगों ने उनसे ऑनलाइन भुगतान और चेक के माध्यम से अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई। पीड़िता के मुताबिक विभिन्न लेनदेन के जरिए ट्रांसफर कराई गई। रकम 8.60 लाख रुपये बताई गई है।
गीता बल्यूटिया ने काठगोदाम कोतवाली में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस लेनदेन और आरोपियों से जुड़े मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है।

Popular Articles